जमशेदपुर: श्रीराममंदिर समिति टेल्को द्वारा शुक्रवार, 04 सितंबर को श्रीराममंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में जन्माष्टमी की भव्य सजावट देखते ही बन रही थी। सुबह से ही व्रतधारी श्रद्धालुओं और भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे बाल गोपाल और राधा के मनमोहक परिधानों में नजर आए, जो सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
भजनों की अमृत वर्षा और मनमोहक झांकियां
जन्माष्टमी के अवसर पर राममंदिर ज्ञानमंडप सभागार में संध्या 7:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज हुआ:
गायकों की प्रस्तुतियां: लोकगायक दुलरुआ सोनू सिंह एन्ड पार्टी ने भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े एक से बढ़कर एक भजनों की अमृत वर्षा की। वहीं, अतिथि कलाकार रानू भारती (छपरा) के गीतों पर हजारों श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए।
आकर्षक झांकियां: गीत-संगीत के साथ-साथ वीर बजरंगबली, श्रीकृष्ण-राधा और श्रीकृष्ण-सुदामा की सजीव झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
महाप्रसाद वितरण: रात्रि ठीक 12:00 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट होने पर आनंदोत्सव मनाया गया, जिसके बाद सामूहिक आरती हुई और उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान छठे दिन भगवान का ‘छठीहार’ मनाने की भी घोषणा की गई।
READ MORE :RANCHI NEWS:मोरहाबादी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया श्री कृष्ण जन्मोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ
अतिथि और गणमान्य की उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीराममंदिर टेल्को के अध्यक्ष मानस मिश्रा और टाटा मोटर्स के उच्च प्रबंधक जुगराज सिंह संधू उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी बाहर से आए गायक कलाकारों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महामंत्री चंद्रभान सिंह, कृष्ण कुमार मिश्रा, बबन पाण्डेय, जीवानंद मिश्रा, नरेंद्र कुमार सिंह (हैप्पी), नंदलाल सिंह, कामेश्वर सिंह, सुधीर कुमार सिंह, भरत पाठक, प्रहलाद सिंह, विजय कुमार सिंह, पप्पू पाण्डेय, अभय पाण्डेय, मनोज कुमार पाण्डेय, दीपक कुमार सिंह, राजेश पाण्डेय, सुमंत मिश्रा, अरविंद प्रसाद, राकेश कुमार सिंह और मनाजय पाण्डेय समेत समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।


