रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए। इस पावन अवसर पर उन्होंने समस्त राज्यवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की।
भगवान कृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे लगातार इन कार्यक्रमों में सहभागिता निभाते रहे हैं। आज के इस आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने इस पावन बेला को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
जन्माष्टमी का यह पर्व हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दही हांडी प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया और इसमें शामिल विभिन्न प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :टिनप्लेट डिवीजन में बोनस समझौता संपन्न, 843 कर्मचारियों के बीच बांटे जाएंगे ₹4.36 करोड़
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस भव्य आयोजन के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर और श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


