गम्हरिया
—–
बच्चों में खेल-खेल के माध्यम से शिक्षा का विकास आवश्यक है। शिक्षा के साथ खेलकूद का विकास भी आवश्यक है। गम्हरिया के उपरबेड़ा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण में आयोजित बाल समागम के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कानन पात्र ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलकूद से शिक्षा का मार्ग सुगम होता है। इस अवसर पर गम्हरिया दो अंचल के बीइइओ मृगेन्द्र बायरा ने शिक्षा के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए खेलकूद को आवश्यक बताया। मौके पर उपस्थित यसपुर पंचायत के मुखिया रामू मुर्मू ने कहा कि बाल समागम से बच्चों में छिपी प्रतिभा का उदय होता है। कार्यक्रम को बुरुडीह के मुखिया सोखेन हेम्ब्रम, दुग्धा की मुखिया मालती हांसदा समेत कई गण्यमान्य लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर आयोजित खेलकूद समेत अन्य कई प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के काफी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं के अव्वल प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक पंकज कुमार झा ने किया। इस मौके पर ओम प्रकाश श्रीवास्तव, धनेश कुमार सिंह समेत काफी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ व बच्चे उपस्थित थे।




