
जमशेदपुर: टाटानगर और रांची सहित पूरे झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बहुत ही बड़ी और राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय ने झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश होते हुए राजस्थान तक जाने वाली एक नई ट्रेन की सौगात दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा संतरागाछी से टाटा और रांची होते हुए राजस्थान के खातीपुरा (जयपुर के पास) के लिए नई ट्रेन (संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस) के परिचालन को मंजूरी दे दी गई है। बोर्ड ने बकायदा इस नई ट्रेन की समय-सारिणी (टाइम टेबल) और स्टॉपेज की सूची भी जारी कर दी है। हालांकि, इसका नियमित परिचालन किस तारीख से शुरू होगा, इसकी विधिवत घोषणा जल्द ही की जाएगी।
साप्ताहिक होगी यह नई ट्रेन, जानें दिन और नंबर
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह एक साप्ताहिक (Weekly) ट्रेन होगी। ट्रेन संख्या 18061 (संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस) हर बुधवार को संतरागाछी से खुलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18062 (खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस) हर शुक्रवार को खातीपुरा (राजस्थान) से प्रस्थान करेगी। इस नई ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए जाएंगे।
क्या है टाटानगर और रांची का टाइम टेबल?
18061 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस: यह ट्रेन बुधवार को दोपहर 14:15 बजे संतरागाछी से खुलेगी। शाम 17:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी और 17:55 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। रात 22:50 बजे यह ट्रेन रांची पहुंचेगी और 23:05 बजे वहां से खुलेगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 23:00 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
18062 खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस: वापसी में यह ट्रेन शुक्रवार सुबह 09:20 बजे खातीपुरा से खुलेगी। अगले दिन सुबह 10:45 बजे रांची पहुंचेगी और 11:00 बजे खुलेगी। दोपहर 15:05 बजे यह टाटानगर पहुंचेगी और 15:10 बजे खुलेगी, जिसके बाद शाम 19:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी।
READ MORE :Indian Railways :“ऑपरेशन रेल प्रहरी” में बड़ी सफलता,19.44 लाख चोरी के दो आरोपी गोंदिया में गिरफ्तार
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव (Commercial Stoppages)
रेलवे द्वारा जारी सूची के मुताबिक, यह ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे लाखों यात्रियों को फायदा होगा। इसका ठहराव खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीन दयाल उपाध्याय (DDU), मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, ईदगाह आगरा, खेरली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई जंक्शन और दौसा स्टेशनों पर होगा।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से कोल्हान और राजधानी रांची के यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के प्रमुख शहरों की यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी।



