सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक अहम बैठक आयोजित की गई। जिला समाहरणालय सभागार में माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री (रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA – दिशा) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
इस उच्च स्तरीय बैठक में जिले के विकास कार्यों, लंबित योजनाओं और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि जनहित की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा, सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, जिले के विधायकगण, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त (DC) नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश लुणायत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री सबा आलम, जिला परिषद अध्यक्ष, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष सहित जिले के सभी शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।
सड़क और पेयजल में लापरवाही पर नपेंगे संवेदक
विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और आधारभूत संरचना से जुड़े जो भी कार्य लंबित हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाए। जो संवेदक (ठेकेदार) काम में जानबूझकर देरी या लापरवाही कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट (Blacklist) करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
साथ ही, जर्जर बिजली के तारों को बदलने, खराब चापाकलों की मरम्मत करने और ‘हर घर नल-जल योजना’ के कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया गया।
READ MORE ;JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर गोल्फ लीग का 9वां संस्करण 12 टीमों के साथ शुरू
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर, प्लास्टिक पर बैन
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों (Doctors), एएनएम और सीएचओ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्री ने सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान और मुफ्त डायलिसिस सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।
वहीं, शहरी क्षेत्रों (आदित्यपुर, सरायकेला, कपाली) में कचरा प्रबंधन (Waste Management) को दुरुस्त करने और ग्रामीण व शहरी इलाकों में थर्माकोल एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ सख्त जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया।
ग्रामीण बच्चों को कराया जाएगा ‘संसद भवन’ का भ्रमण
शिक्षा और समाज कल्याण की समीक्षा करते हुए मंत्री ने एक बेहद सराहनीय पहल की घोषणा की। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली बच्चों को दिल्ली ले जाकर ‘संसद भवन’ (Parliament House) और ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए, ताकि उन्हें देश के लोकतंत्र और धरोहर की करीब से जानकारी मिल सके।
बैठक के अंत में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और सभी विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से सूचना देने का निर्देश दिया गया ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।






