
एसपी के निर्देश पर सरायकेला बाजार में पैदल गश्ती, व्यापारियों से संवाद कर लिया सुरक्षा का फीडबैक

थाना प्रभारी बोले “व्यापारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना”
मृत्युंजय बर्मन
सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर बिहार झारखंड न्यूज़ नेटवर्क में चलाये गए समाचार के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में दिखाई दिया। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सरायकेला थाना पुलिस ने शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकली पुलिस टीम
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख बाजार, चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्ती के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई।
दुकानों में पहुंचकर व्यापारियों से की बातचीत
पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंची। अधिकारियों ने दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था, बाजार क्षेत्र में आने वाली समस्याओं तथा आपराधिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों से सुझाव भी लिए गए, ताकि भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
‘व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’
थाना प्रभारी विनय कुमार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार बाजार क्षेत्र पर नजर रखे हुए है और भविष्य में भी इस तरह की गश्ती जारी रहेगी।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना”
पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा किसी प्रकार की अवैध हरकत दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण में जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और पुलिस-जनता की साझेदारी से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
यातायात और कानून व्यवस्था पर भी दिया जोर
गश्ती अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई।
READ MORE :SERAIKELA NEWS:सोना चांदी की चमक पर अपराधियों की नजर, बढ़ी स्वर्ण व्यवसायियों की चिंता
व्यापारियों ने किया स्वागत
बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि नियमित पैदल गश्ती से असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ेगा और व्यापारियों सहित आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नियमित रूप से जारी रहेगा।


