
सरायकेला-खरसावां, 20 जून 2026: जिला प्रशासन द्वारा आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में दो दिवसीय ‘उलि बगाइचा परब-2026’ (आम महोत्सव) की शुरुआत शनिवार को हो गई। 20 और 21 जून तक चलने वाले इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों के आमों को बेहतरीन बाजार उपलब्ध कराना और आम उत्पादकों को सीधे खरीदारों से जोड़ना है।

इस महोत्सव का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उप विकास आयुक्त रीना हसदा ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बिरसा हरित ग्राम योजना से 6,000 किसान जुड़े, 4000 क्विंटल आम का उत्पादन
महोत्सव के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हसदा ने बताया कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुधारने में गेम-चेंजर साबित हो रही है। जिले में लगभग 6,000 किसान इस योजना के तहत आम की बागवानी से जुड़े हैं। इस साल जिले में 4,000 क्विंटल से अधिक आम का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। किसानों की उपज की बिक्री के लिए जिले में कई जगहों पर विशेष स्टॉल और बिक्री केंद्र बनाए गए हैं, ताकि उनकी आमदनी को दोगुना किया जा सके।
READ MORE..CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन शुरू, चांसलर पोर्टल पर आवेदनों की बाढ़
कृषि विविधीकरण से बढ़ेगी किसानों की आय: सांसद जोबा मांझी
सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आम महोत्सव किसानों के कड़े परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे केवल आम तक सीमित न रहें, बल्कि केला, अमरूद, लीची, अदरक और हल्दी जैसी फसलों की खेती भी अपनाएं। कृषि विविधीकरण (Crop Diversification) के जरिए किसान सालभर कमाई कर सकते हैं। जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने भी किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों और कलेक्टिव मार्केटिंग (सामूहिक विपणन) को अपनाने की अपील की।
READ MORE..Seraikela Kharsawan News :8वीं से स्नातक पास युवाओं के लिए बंपर मौका, सरायकेला में 600 से अधिक पदों पर लगेगा ‘रोजगार मेला’
आम्रपाली, हिमसागर और मालदा आम की किस्मों ने जीता दिल
इस दो दिवसीय महोत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों ने अपने आम के स्टॉल लगाए हैं। यहाँ मुख्य रूप से आम्रपाली, हिमसागर और मालदा जैसी मशहूर किस्मों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में आम की बेहतरीन मार्केटिंग और बिक्री के लिए ‘सरायकेला एफपीओ’ (FPO) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस महोत्सव में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी और जेएसएलपीएस (JSLPS) के कई अधिकारी उपस्थित रहे।


