
8 सितंबर के महाधिवेशन को सफल बनाने का लिया गया संकल्प
जमशेदपुर। राष्ट्रीय जनता दल लोकतांत्रिक की ओर से रविवार को आयोजित संकल्प यात्रा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम सागर राणा उपस्थित थे। उनके अलावा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश यादव, उपाध्यक्ष अर्जुन यादव समेत काफी संख्या में स्थानीय नेता मौजूद थे। संकल्प यात्रा का आयोजन राष्ट्रीय जनता दल लोकतांत्रिक के संसदीय बोर्ड की केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी के नेतृत्व में किया गया था। इस यात्रा में पार्टी के केंद्रीय महासचिव नसीम अंसारी, उपाध्यक्ष शमीम भारती, केंद्रीय सचिव राजेश तिवारी, सचिव रामकुमार यादव समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए। संकल्प यात्रा सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर आदित्यपुर शेरे पंजाब चौक से निकली जहां पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय अध्यक्ष गौतम सागर राणा समेत पार्टी के अन्य केंद्रीय नेताओं का जोरदार स्वागत किया यहां से संकल्प यात्रा निकल कर बिष्टुपुर गोपाल मैदान के पास पहुंची, जहां एक बार फिर पार्टी नेताओं का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया।उसके बाद यह यात्रा बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गई। यहां देश के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली के निधन पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन धारण किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम की विधिवत रूप से शुरुआत हुई। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल लोकतांत्रिक के सरायकेला- खरसावां जिलाध्यक्ष के रूप मे फूलेश्वर साह और जमशेदपुर जिलाध्यक्ष के रूप में रंजीत कुमार सिंह का मनोनयन किया गया। इस मौके पर अपने संबोधन में राष्ट्रीय जनता दल लोकतांत्रिक के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने देश और राज्य के वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थिति में सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए ही राष्ट्रीय जनता दल लोकतांत्रिक का गठन किया गया है। उन्होंने आगामी 8 सितंबर को राज्य की राजधानी रांची में आयोजित होने वाले महाधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा की महाधिवेशन में कई ठोस और बड़े फैसले लिए जाएंगे। श्री राणा ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव सर पर है और हमारी पार्टी अभी नई है। फिर भी हम विधानसभा चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि इतने कम समय में काफी संख्या में लोग पार्टी और पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़ रहे हैं, यह बड़ी बात है। उन्होंने इशारों इशारों में यह अभी कह डाला कि हमारी पार्टी भले ही नई है लेकिन राजनीति के हम खिलाड़ी पुराने हैं। मजबूत लोकतंत्र में हम अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझते हैं भय भूख भ्रष्टाचार और गरीबी के नाम पर किसी तरह की समझौता हमारी पार्टी नहीं करेगी। हम आंदोलन से उपजे नेता है, आंदोलन हमारी पहचान है और आंदोलन के बल पर ही हम झारखंड में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस दौरान पार्टी संसदीय बोर्ड की केंद्रीय अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।साथ ही उन्होंने पार्टी के सामाजिक न्याय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर सघन अभियान चलाने की बात कही ताकि पार्टी का जनाधार बढ़ सके। इस मौके पर पार्टी नेता दिलीप गुप्ता, मुन्ना यादव, कश्मीरा यादव, भोला रजक, उपेंद्र रजक, सीताराम रजक, नंदलाल, सुरेंद्र नाथ महतो, चंद्रशेखर, जगदीश माझी समेत नेताओं ने जी भी अपने विचार रखें। सबों ने एक स्वर में आगामी 8 सितंबर को रांची में होने वाले पार्टी के महाधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर संजय पाठक ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीआर बैठा ने किया। मौके पर जाने-माने चिकित्सक डॉ राजेंद्र प्रसाद टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, अंबिका जी, कनक देवी, कैलाश पाल, सपन डे, सुमित्रा देवी, श्रद्धा देवी, सुलेखा देवी, शशि देवी, उषा देवी, अनीता देवी टाटा वर्कर्स समेत पार्टी से जुड़े सैकड़ों महिला, पुरुष एवं युवाओं ने भाग लिया।



