
रांची: झारखंड की जीवनदायिनी मानी जाने वाली दामोदर नदी के संरक्षण और सम्मान में इस वर्ष का दामोदर महोत्सव बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। युगांतर भारती के तत्वावधान में आगामी 25 मई को दामोदर नद के उद्गम स्थल लोहरदगा के चूल्हा पानी में ‘दामोदर महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि इसी दिन देश भर में ‘गंगा दशहरा’ का पावन पर्व भी मनाया जाएगा, जिससे इस उत्सव का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
पहली बार दामोदर के उद्गम स्थल चूल्हा पानी पहुंचेंगे कोई राज्यपाल
READ MORE..DEOGHAR NEWS: देवघर में दिमागी बुखार पर हाई अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की गाइडलाइन
युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने बताया कि झारखंड के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब राज्य के संवैधानिक प्रधान यानी राज्यपाल दामोदर नदी के उद्गम स्थल पर कदम रखेंगे। इस ऐतिहासिक महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने जा रहे हैं। राज्यपाल के इस कार्यक्रम में आगमन को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। अंशुल शरण ने इस गरिमामयी उपस्थिति के लिए राज्यपाल के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है।
सरयू राय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता, 47 स्थानों पर मनेगा महोत्सव
लोहरदगा के चूल्हा पानी में आयोजित होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे। सरयू राय लंबे समय से दामोदर नदी को प्रदूषण मुक्त करने और इसके पुनरुद्धार के लिए अभियान चला रहे हैं।
अंशुल शरण ने जानकारी दी कि इस साल दामोदर महोत्सव अपने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ मनाया जाएगा। नदी तटों की सफाई, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। युगांतर भारती और स्थानीय कमेटियों ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


