
रांची: शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट कर दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। पूजा समितियों ने जिला प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
READ MORE :RAILWAY NEWS :अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी
पूजा समितियों ने प्रशासन के सहयोग की सराहना की
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पूजा समितियों के साथ लगातार बैठकें कर उनकी समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा रहा है। सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के स्तर पर मिल रहे सहयोग से समितियां संतुष्ट हैं।
पूजा समितियों ने मुख्यमंत्री से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग जारी रखने की अपेक्षा जताई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष राजधानी में कई भव्य पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
सीएम को सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का न्योता
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सपरिवार रांची के विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण करने, मां दुर्गा के दर्शन करने और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि वे दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल होंगे और विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।
पर्यावरण अनुकूल मूर्ति विसर्जन की अपील
मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को सुझाव दिया कि धार्मिक आस्था और परंपरा को बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन को पर्यावरण अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद तालाबों और जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बन सकती है।
उन्होंने पूजा समितियों और राज्य सरकार के बीच समन्वय से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धा और परंपरा के अनुरूप प्रतिमाओं का पर्यावरण अनुकूल तरीके से विसर्जन किया जा सके।
पूजा पंडालों में लगेंगे नशामुक्ति जागरूकता के होर्डिंग
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समितियों से पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े बैनर और होर्डिंग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त झारखंड के निर्माण के लिए सरकार के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। पूजा समितियों ने भरोसा दिलाया कि पंडालों में नशामुक्ति संबंधी संदेश लगाए जाएंगे और अनाउंसमेंट के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: SIR को लेकर झामुमो अलर्ट, योग्य मतदाताओं का नाम कटने नहीं देंगे : विक्टर सोरेन
सुरक्षा, बिजली, पानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। यह त्योहार सामाजिक भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी।
ये प्रतिनिधि रहे मौजूद
मुलाकात में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति से मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता और मयंक गिरी शामिल रहे।
रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति से अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा और समीर सिंह मौजूद रहे। शांति समिति से जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य सदस्य भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।


