
रांची।


गुरुवार का दिन शहरवासियाें के लिए यादगार रहा। क्याेंकि इस दिन वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। रांची स्टेशन पर गुरुवार मुख्यमंत्री रघुवर दास और रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी हटिया-संकी पैसेंजर और रांची-टाटानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही बरकाकाना- रांची परियोजना के अंतर्गत 31 किमी लम्बी टाटीसिल्वे- सांकी नई रेल लाइन का उद्घाटन भी किया।
हटिया-संकी-हटिया के बीच दो जोड़ी ट्रेन चलेगी, पर 30 अगस्त को सिर्फ हटिया से संकी के बीच चलेगी। हटिया से यह ट्रेन सुबह 5.40 बजे और शाम 5.10 बजे खुलेगी, जबकि संकी से सुबह 7.55 बजे और रात 9.05 बजे खुलेगी। वहीं, रांची-टाटा इंटरसिटी आज सिर्फ रांची से खुलेगी। टाटा से नहीं चलेगी, जबकि हर दिन निर्धारित समय पर चलेगी।
58663 / 58664 एवं 58665 / 58666 हटिया-सांकी पैसेंजर व 18113/ 18 114 टाटानगर- रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस रेल का परिचालन होने से रांची क्षेत्र में बेहतर ट्रेन संपर्क स्थापित होगा। ट्रेन जमशेदपुर को रांची शहर से जोड़ेगी, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

