
जमशेदपुर।


कृषि आशिर्वाद योजना को लेकर पोटका के सीओ द्वारिका बैठा ने रविवार को पोटका प्रखंड मैदान में प्रखंड क्षेत्र के ग्राम प्रधान के साथ बैठक किया. इस बैठक में झारखंड सरकार की ओर से शुरू किये गये कृषि आशिर्वाद योजना को सफल बनाने पर विचार विमर्श किया गया. यहां सीओ ने कहा कि कहा कि झारखंड सरकार ने एक जनवरी 2019 से कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया है. इस योजना के तहत किसानों को खरीफ फसल के लिए पांच हजार रुपये प्रति एकड़ दिये जायेंगे. इस योजना का मुख्य उद्देश्य झारखंड राज्य में कृषि के उत्पादन को बढ़ाना है, जिसमे कृषि में होनेवाले परेशानियों को दूर किया जा सके और संकट में डुबे किसानों को मदद किया जा सके. इस योजना का लाभ राज्य के छोटे एवं सिमांत किसानों को मिलेगा. सीओ श्री बैठा ने कहा कि इस योजना के लिए पोटका प्रखंड के 293 गांव में 21 जनवरी सोमवार को ग्रामसभा का आयोजन किया जायेगा. इस ग्रामसभा में रैयत समन्वय समिति का गठन किया जाय. इस कमेटी मे एक अध्यक्ष एवं चार सदस्य होंगे. इस बैठक में पारंपरिक स्वशासन ग्राम प्रधान समिति के अध्यक्ष उत्तम सिंह, सुबोल चंद्र भकत समेत अनेक ग्राम प्रधान उपस्थित थे.

