जमशेदपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ की ओर से सत्यनिष्ठा शपथ और प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
सुबह सात बजे सत्यनिष्ठा शपथ और प्रभात फेरी का आयोजन
एनआईटी जमशेदपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे हुई। उल्लेखनीय है कि देशभर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।
इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेते हुए व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित प्रभात फेरी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार समेत कई अधिकारी हुए शामिल
कार्यक्रम में एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, प्रभारी कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अशोक कुमार, योजना एवं विकास अधिष्ठाता प्रो. शशि भूषण, मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. वीरेन्द्र कुमार और राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. जयेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण कराया गया।
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
सत्यनिष्ठा शपथ के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं, प्रभात फेरी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: NIT जमशेदपुर में SIMPLE 2026 का आगाज, AI और डिजिटल ट्विन से औद्योगिक मशीनों की उम्र बढ़ाने पर होगा मंथन
विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की पहल
एनआईटी जमशेदपुर का राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता रहा है।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम भी इसी प्रयास का हिस्सा रहा, जिसमें विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्व समझाने पर जोर दिया गया।

