
पटना।


9वीं बटालियन एनडीआरएफ बिहटा (पटना) द्वारा सोमवार (23 सितम्बर) को बिहटा में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के स्वयंसेवकों के चतुर्थ बैच का आपदा प्रबंधन एवं रेस्पांस पर एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। श्री विजय सिन्हा, कमान्डेंट, 9वीं बटालियन एनडीआरएफ ने बताया कि इससे पहले तीन अलग-अलग बैचों में भागलपुर जिले के 89 नेहरू युवा केन्द्र संगठन के स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन विषयों पर प्रशिक्षित किया जा चुका है।
चतुर्थ बैच का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 से 28 सितम्बर तक एनडीआरएफ कैम्पस बिहटा में चलेगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भागलपुर जिलान्तर्गत रंगरा चौक प्रखण्ड के नेहरू युवा केन्द्र संगठन के 29 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान इन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन से सम्बंधित विभिन्न खोज बचाव एवं जीवन रक्षक तकनीकों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारियाँ लेक्चर तथा अभ्यास के माध्यम से दी जायेगी। प्रतिभागियों को ट्रेनिंग वीडियो के माध्यम से भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
कमान्डेंट विजय सिन्हा ने आगे बताया कि किसी भी आपदा के दौरान नेहरू युवा केन्द्र संगठन के ये सभी स्वयंसेवक फर्स्ट रेस्पांडर के रूप में मुसीबत में फँसे लोगों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डिपार्टमेंट ऑफ युथ अफेयर्स, भारत सरकार के सहयोग से तथा एनडीआरएफबल बल मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार बिहटा (पटना) में चलाया जा रहा है।

