
मधुबनी। झंझारपुर में देर रात लखनौर थाना पुलिस ने चोरी के आरोपी को राजाखड़वार गांव में पकड़ने गई पुलिस ने आरोपी के 80 वर्षीय वृद्ध पिता की ही बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पिटाई में उक्त वृद्ध के बाएं हाथ की कलाई के ऊपर की हड्डी टूट गई। पीड़ित वृद्ध अपने कुछ परिजनों के साथ झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचा जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. केकेपी महथा ने उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया।


इस बीच पीड़ित का एक पुत्र जो कहीं बाहर काम करता है, घटना की जानकारी होने पर एसपी मो. अख्तर हुसैन को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर इन्सपेक्टर बीडी सिंह और थानाध्यक्ष शिव कुमार प्रसाद अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर पीड़ित से पूछताछ की। हालांकि संवाद प्रेषण तक इन्सपेक्टर तथा थानाध्यक्ष पीड़ित को इलाज करवाने के लिए मनाने में लगे थे, लेकिन पीड़ित डीएमसीएच में बेहतर इलाज करवाने तथा इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने व दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की जिद पर अड़ा था।
हालांकि यह जानकारी छुपाई गई की कौन पदाधिकारी छापामारी में गए थे। घटना के बाबत पीड़ित वृद्ध कातिम लाल यादव ने बताया कि गुरूवार की देर रात उनके घर पर लखनौर थाना पुलिस पहुंची और उसके कथित चोरी के आरोपी पुत्र रमेश यादव के बाबत पूछताछ की। उसने कहा कि उसका पुत्र तीन चार दिन पूर्व ही कोर्ट में सरेण्डर कर चुका है।
यह सुनते पुलिस आपे से बाहर हो गई और डंडा तथा आग्नेयास्त्र के बट से उसके साथ मारपीट की जिसमें उसका बायां हाथ टूट गया। पीड़ित ने कहा कि वह प्राथमिकी दर्ज कर दोषी पुलिस पदाधिकारी को कानून की गिरफ्त में सजा दिलवाना चाहता है।

