
सरायकेला-खरसावां।
आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां शहीद स्थल पर आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित कई मंत्री एवं विधायकगण के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त सरायकेला–खरसावां नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने संयुक्त रूप से तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया।

प्रमुख स्थलों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहीद पार्क, पथ निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस, अर्जुना स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान खरसावां विधानसभा के विधायक दशरथ गागराई भी उपस्थित रहे।
निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड से संबंधित लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहीद दिवस जैसे ऐतिहासिक आयोजन में किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
READ MORE :Ranchi News :पेसा के नाम पर आदिवासियों को “लॉलीपॉप” दिखा रही है राज्य सरकार : रघुवर दास
विधि-व्यवस्था व यातायात प्रबंधन पर फोकस
कार्यक्रम के दौरान विधि–व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन और सुचारू परिचालन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए। साथ ही आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था
सभा स्थल पर समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, जूता–चप्पल स्टैंड सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
रूट लाइनिंग और आगमन–प्रस्थान की समीक्षा
कार्यक्रम के दौरान आगमन–प्रस्थान मार्ग (रूट लाइनिंग) एवं यातायात परिचालन को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई और सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।
वरीय पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए–सह–उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



