
जमशेदपुर। जिला स्तरीय को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक उप-विकास आयुक्त श्री बी. महेश्वरी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से क्रेडिट रेश्यो, प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी योजना, एसएचजी क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री मुद्रा लोन, किसान क्रेडिट कार्ड पर विस्तार से चर्चा की गई। क्रेडिट रेश्यो के समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने 40% से कम प्रगति करने वाले बैंकों जिनमें फेडरल बैंक 32.31 फीसदी, इंडियन बैंक 37.34 फीसदी, सिंडीकेट बैंक 35.84 फीसदी और यस बैंक 35.42 फीसदी पर असंतोष जाहिर किया। उप-विकास आयुक्त ने बैंकों के जिला समन्वयक को निर्देश दिया कि वे शाखा प्रबंधकों को यह निर्देश दें रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देश के अनुरूप वे क्रेडिट रेश्यों में आवश्यक प्रगति करें। वही प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी योजना के संबंध में उप-विकास आयुक्त ने बैंक के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि उनके शाखा में जितने आवेदन जिला उद्योग केंद्र के द्वारा भेजा गया है उन आवेदनों का 50फीसदी 30 सितंबर 2019 तक ऋण स्वीकृत करना सुनिश्चित करें। उप-विकास आयुक्त ने स्वयं सहायता समूह को ऋण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं सहायता समूहों से कागजात सत्यापन व अन्य मद में कोई शुल्क वसूल ना करें। उन्होंने स्वयं सहायता समूह को ऋण प्रदान करने से संबंधित आवेदन को लंबित ना रखने का भी निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड के लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिये। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को खेती संबंधी ऋण ज्यादा से ज्यादा उपलब्ध कराने हेतु बैंकों के प्रतिनिधियों को कहा। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए की छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति से संबंधित सभी कागजातों के सत्यापन करना सुनिश्चित करें जिससे छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति का लाभ ससमय छात्रों के खाते में चला जाए। आज के बैठक में जिला में बैंकों के कार्य अवधि पर भी विचार विमर्श किया गया एवम सर्वसम्मति से सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक बैंकों की कार्य अवधि को स्वीकार किया गया। वही पूर्वी सिंहभूम जिला को शतप्रतिशत डिजिटल जिला बनाने के संबंध में एसडीएम ने बताया कि आंकड़ों का अध्ययन करने के पश्चात इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किया जाएगा । आज के बैठक में मुख्य रूप से आरबीआई के प्रतिनिधि, नाबार्ड के सिद्धार्थ, एलडीएम, डीआईसी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



