
जमशेदपुर। जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज और भारतीय औद्योगिक परिसंघ की सामाजिक इकाई यंग इंडियन के संयुक्त संयोजन में मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के आडियो विजुअल रूम में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्या डॉक्टर अंजली श्रीवास्तव ने की। मंच संचालन वोटर अवेयरनेस फोरम की तरफ से डॉ सोनाली सिंह ने किया। यंग इंडियन की प्रतिनिधि के रूप में मौजूद चार्टर्ड अकाउंटेंट ऋचा अग्रवाल और मानसी अग्रवाल ने छात्राओं के बीच मतदाता जागरूकता से संबंधित जानकारियां साझा की। ऋचा अग्रवाल ने बताया कि वोटर हेल्पलाइन एप्लीकेशन डाउनलोड करके हम सभी मतदान प्रणालियों को जान सकते हैं। हम वोटर आईडी कार्ड ना होने पर किसी भी फोटो युक्त सरकारी दस्तावेज को दिखा कर के भी मतदान कर सकते हैं। हमें अपने अलावा अपने परिवार के सभी सदस्यों को मतदान के जागरूक करना होगा। प्रभारी प्राचार्या डॉ अंजली श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान करने से ही स्वस्थ लोकतंत्र की बुनियाद रखी जा सकती है। मतदान निश्चित रूप से करें क्योंकि राष्ट्रहित में यह हमारी भागीदारी को तय करता है और कहीं न कहीं राष्ट्र निर्माण की जो प्रक्रिया है, उसमें स्वस्थ नेतृत्व को भी सुनिश्चित करता है। डॉ सोनाली सिंह ने वोटिंग की प्रणाली में वीवीपैट और अन्य नई तकनीकी पक्षों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संयोजन प्राचार्या डॉ पूर्णिमा कुमार के निर्देश पर मतदाता जागरूकता फोरम की ओर से डॉक्टर सोनाली सिंह और डॉ अविनाश कुमार सिंह ने किया।



