जमशेदपुर।
मुख्यमंत्री रघुवर दास आगामी 24 जनवरी को जिले के धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट स्थल का भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर झारखंड सरकार एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। उपायुक्त श्री अमित कुमार एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक श्री अनूप बिरथरे ने जिला एवं स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए एवं दायित्व निर्धारित किए। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त अमित कुमार ने स्थल पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि आगामी 24 जनवरी को अपराह्न 3:00 बजे मुख्यमंत्री धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए चिन्हित स्थल में भूमि पूजन करेंगे। धालभूमगढ़ क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक पल है क्योंकि इस एयरपोर्ट के निर्माण के प्रारंभ होते ही यहां का पूरा का पूरा आर्थिक परिदृश्य बदल जाएगा। यहां के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के साथ-साथ आधारभूत संरचना का जो गैप था वह पूरा होगा। उन्होंने कहा कि यहां पर तमाम सुविधाओं के होते हुए भी एयरपोर्ट के नहीं होने के कारण यहां निवेश, व्यापार के लिए जो बाधाएं आती थीं वे अब दूर होंगी।
उपायुक्त ने कहा कि दूसरा जो सबसे बड़ा लाभ होने वाला है वह है घाटशिला से लेकर धालभूमगढ़ के बीच बेहतर तरीके से इकोनामिक कॉरिडोर तैयार होगा। एनएच क्षेत्र में विस्तारीकरण जिस गति से बढ़ रहा है वह काफी द्रुत हो जाएगा। साथ ही साथ 72 किलोमीटर की दूरी महुलिया से बहरागोड़ा की एनएच का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने वाला है। ऐसी स्थिति में समीपवर्ती जिले खासतौर से खड़गपुर, मयूरभंज, बारीपदा जैसे ओडीशा और बंगाल के समीपवर्ती जिलों में भी काफी हर्षोल्लास है।
उपायुक्त ने कहा कि मीडिया के माध्यम से समीपवर्ती राज्यों के जिला वासियों से भी अनुरोध करेंगे कि वह यहां आकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि अभी तक प्राप्त सूचना अनुसार मुख्यमंत्री के अतिरिक्त केंद्रीय राज्यमंत्री श्री जयंत सिन्हा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु के आने की भी संभावना है। उड्डयन विभाग के केंद्रीय सचिव श्री आर एन चौबे, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
============================
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर।



