
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किफायती घर लेने का है सुनहरा मौका : सहायक निदेशक
जमशेदपुर में कमजोर आयवर्ग हेतु 12072 आवासों के निर्माण हेतु निकाली जा चुकी है निविदा
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी ) के तहत जमशेदपुर के बागुनहातु में 2480 किफायती आवासों तथा बिरसानगर में ऐसे ही 9592 आवासों के निर्माण हेतु नगर विकास विभाग के निदेश पर जुडको द्वारा निविदा प्रकाशित की जा चुकी है। उपरोक्त दोनों आवासीय परियोजनाओं में फ़िलहाल 12072 ईडब्लूएस फ्लैट बनाए जा रहे हैं। उक्त जानकारी नगर विकास विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार ने बर्मामाइंस स्थित एक मलिन बस्ती में शिविर के दौरान दी। बताया कि तीन लाख तक वार्षिक आय के कमजोर आर्थिक स्थिति वाले लाभुकों के लिए अपने फ्लैट के मालिक बनने का सुनहरा अवसर है।
4.5 लाख से 5.5 लाख तक होगा लाभुक का अंशदानबताया कि उक्त परियोजना में प्रति आवास निर्माण की कुल लागत साढ़े साथ लाख से आठ लाख रुपये के बीच आने की संभावना है। जिसमे डेढ़ लाख रुपये केंद्रीय सहायता तथा एक लाख रुपये राज्य सरकार की तरफ से सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। आवास की शेष लागत राशि (लगभग साढ़े चार लाख से साढ़े पांच लाख रुपये तक) लाभुक द्वारा भुगतेय होगा। आवासीय परिसर में आधारभूत संरचनाओं ( जैसे सामुदायिक भवन, जलापूर्ति प्रणाली आदि) के निर्माण पर होने वाले अतिरिक्त व्यय को राज्य सरकार स्वयं वहन करेगी।
विभाग, लाभुक, बैंक के बीच त्रिपक्षीय समझौता
लाभुक अपने अंशदान के लिए बैंक से ऋण ले सकता है। बैंक सहजता से प्रधान मंत्री आवास योजना के लाभुकों को ऋण उपलब्ध करवाए इसके लिए विभाग(निकाय), प्रत्येक लाभुक और सम्बंधित बैंक के साथ त्रिपक्षीय समझौता होगा। जिसके तहत निकाय द्वारा लाभुक को दिए गए आवास आबंटन के प्रमाणपत्र पर बैंक सहजता से आसान किश्तों पर ऋण मुहैया कराएँगे।
आवासों की विशेषता
लगभग 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल , हराभरा परिसर, बिजली पानी की सुचारु व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, खेल का मैदान, एक रुपये में रजिस्ट्री आदि। उक्त योजना को डेढ़ वर्ष में पूर्ण करने की योजना है।
कहाँ संपर्क करें
इच्छुक लाभुक अपने नगर निकाय से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। वे चाहें तो नगर विकास विभाग के टोल फ्री नंबर 18001202929 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

