रायपुर।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 15 अन्य घायल हो गए हैं. घायलों में 7 जवनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. नक्सलियों ने गुरुवार शाम को घात लगाकर हमला किया था. जंगल में फंसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दल को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है.
राज्य में नक्सल मामलों के पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने बताया कि नक्सलियों ने गुरुवार को गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था. गुरुवार को शहीद हुए दो जवानों की पहचान लिंजु एन और फतेह सिंह के रूप में हुई है, जबकि उनके एक साथी लक्ष्मण सिंह की शुक्रवार को मौत हो गई. घायल जवानों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है.




