
JAMSHEDPUR।

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने भालुबासा, हरिजन बस्ती निवासी मिस्टु सोना सेनगुप्ता को अपना विधायक प्रतिनिधि, समाज कल्याण, मनोनीत किया है। अब श्रीमती सेनगुप्ता राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार की समाज कल्याण योजनाओं का लाभ क्षेत्र की जनता, विशेषकर कमजोर वर्गों एवं जरूरतमंदों तक पहुँचाने तथा उनके क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने में जिला प्रशासन एवं विधायक श्री सरयू राय का सहयोग करेंगी एवं चिन्हित समूहों की कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराने का विधिसम्मत दायित्व निभायेंगी। आपको बता दें कि मिस्टु सोना सेनगुप्ता बेल्डीह चर्च स्कूल, बिष्टुपुर से 10वीं तथा राजनीति विज्ञान विषय से स्नातक हैं। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से सरयू राय के निर्दलीय चुनाव लड़ने के निर्णय के साथ ही उनके पक्ष में काम करती रहीं। इससे पहले वे भारतीय जनता मोर्चा में महिला मोर्चा जिला सह संयोजक के पद का दायित्व निभा चुकी हैं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़कर दलितों एवं वंचितों को जागरूक करने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।

