
JAMSHEDPUR


किसान आंदोलन की 25वीं चौपाल साकची जेल चौक पर आयोजित की गयी। जमशेदपुर के आदोलनकारियों को सुप्रीम कोर्ट से निर्णायक फैसले की उम्मीद थी परन्तु सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसान बिल पर केवल रोक लगाये जाने से आंदोलनकारियों ने अप्रसन्नता जाहिर की है।
जमशेदपुर में कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन के नेतृत्वकर्ता मानगो गुरद्वारा के प्रधान भगवान सिंह ने मंगलवार को चौपाल को सम्बोधित करते हुए कहा की वे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं कि न्यायपालिका ने कृषि कानून पर रोक लगाकर कमिटी का गठन किया है परन्तु यह समस्या का हल नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने बस इसके अमल को कुछ वक्त के लिए रोका है लेकिन इस कृषि कानून को रद्द करना ही एकमात्र समाधान है।
नेशनल कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन पांडेय ने भी सरकार को हर मोर्चे पर विफल कहा। उन्होंने कहा ही केंद्र सरकार मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखा रही है इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को फटकार लगायी है। इनके अलावा मानगो गुरुद्वारा के सचिव जसवंत सिंह जस्सू, मनदीप सिंह और सुखवंत सिंह ने भी सम्बोधित किया।
स्वर्ण सिंह, अमरीक सिंह, हीरा सिंह, प्रह्लाद सिंह, त्रिलोक सिंह, राजीव रंजन दुबे, मंटु कुमार, हरविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, तेजपाल सिंह, प्रभजोत सिंह और जसबीर सिंह ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर चौपाल को सफल बनाया।

