
पश्चिम बंगाल में कमल खिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज़ कर दी है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए अलग अलग राज्यों से पार्टी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिला भाजपा कार्यालय में संपन्न सांगठनिक बैठक में जमशेदपुर के भाजपा नेताओं को कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई। पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को बंगाल के विष्णुपुर लोकसभा के अंतर्गत आने वाली इंदस विधानसभा में चुनाव प्रचार एवं सांगठनिक प्रभार की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावे पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव को बांकुड़ा जिला के सोनामुखी विधानसभा में प्रचार का ज़िम्मा मिला है। पूर्व जिलाध्यक्ष नंदजी प्रसाद को मानबाज़ार विस क्षेत्र, रमेश हाँसदा को बाँधवान विधानसभा और रामसिंह मुंडा को रायपुर विधानसभा में प्रचार का ज़िम्मा संगठन के स्तर से मिली है।



बता दे कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में 27 मार्च और 01 अप्रैल को चुनाव होना है। पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार की जिम्मेदारी मिलने पर जमशेदपुर के भाजपा नेताओं ने संगठन के आला नेताओं के प्रति आभार जताया है। पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि पूरे देश की नज़र पश्चिम बंगाल के चुनावी गतिविधियों पर है। ऐसे में संगठन के स्तर से मिले दायित्वों का पूरी क्षमता से निर्वाहन होगा। कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता दीदी के गुंडाराज से परेशान हो चुकी है, अब बंगाल परिवर्तन और रामराज्य लाने के मूड में है। उन्होंने भरोसा जताया कि अबकी बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए सरकार बनायेगी।
चुनावी बैठक में मुख्य रूप से हरियाणा के संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू , झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता गणेश मिश्रा, प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, उत्तराखंड कुमावू विभाग के संगठन मंत्री मनोज सहित अन्य मौजूद रहें।

