रांची।
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज की शाम खास रंगों से सराबोर रही। अवसर था होली मिलन समारोह का, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सहित तमाम विधायकों ने भाग लिया। माहौल पूरी तरह उत्साह, भाईचारे और उल्लास से भरा नजर आया।
फूलों की होली, सौहार्द का संदेश
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंत्रीगण एवं विधायकों के साथ फूलों की होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को रंगों के पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
इस दौरान सदन परिसर में पारंपरिक संगीत और उत्सवी माहौल ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि “आपकी जिंदगी में खुशियों का रंग हमेशा बरकरार रहे।” उन्होंने कहा कि होली पारस्परिक प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह त्योहार समाज को एकजुट करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि होली को उमंग, उत्साह और सुरक्षित तरीके से मनाएं तथा समाज में आपसी सम्मान और सद्भाव बनाए रखें।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जुगसलाई में राधा कृष्ण संग फूलों की होली 4 मार्च को
भाईचारे का प्रतीक बना आयोजन
होली मिलन समारोह के इस आयोजन ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। सभी दलों के विधायकों ने मिलकर रंगों के इस पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया।



