
जामताड़ा:
जामताड़ा में इन दिनों अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और लूट की घटनाओं में इज़ाफा हो रहा है। मंगलवार को जामताड़ा थाना क्षेत्र के चेंगाईडीह जोड़िया के समीप सीएसपी संचालक से हथियार दिखाकर एक लाख की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार सुखजोड़ा पंचायत का सीएसपी संचालक लालटू गोराई पंजाब नेशनल बैंक आया हुआ था और बैंक से उसने ₹100000 की निकासी की थी। जिसे लेकर वह वापस अपने सीएसपी जा रहा था। इसी क्रम में चेंगाईडीह जोड़िया के समीप पूर्व से घात लगाए तीन अपराधियों ने रोककर हथियार दिखाकर उससे बैग छीन लिया और फरार हो गए। जिसमें नगद ₹100000, एक लैपटॉप, मोबाइल, बाइक की चाबी तथा पर्स भी छीन लिया जिसमें ₹5000 रखे हुए थे। साथ ही कुछ दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड भी अपराधी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने अपने पिता को ग्रामीणों के सहयोग से फोन कर गाड़ी की चाबी मंगवाई। उसके बाद जामताड़ा थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचा है। पीड़ित ने बताया कि अपराधी पूर्व से घात लगाए हुए थे और तीन की संख्या में मौजूद थे साथ ही यह भी जानकारी दी कि हरे रंग का यामाहा एफजेड बाइक पर सभी अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद सवार होकर भाग गए।



