
जामताड़ा।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के द्वारा जामताड़ा जिला ने शिक्षा की गिरती व्यवस्था, लगातार जारी लॉकडाउन के वजह से बंद पड़े विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग आदि मार से ध्वस्त हो चुकी शिक्षा को दुरुस्त करने के लिए जिले के
युवाओं, छात्र छात्राओं के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण हेतु पुराने जर्जर भवन का जीर्णोद्धार कर एक खूबसूरत सामुदायिक पुस्तकालय का स्वरूप दिया गया। जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखा जा रहा है। पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र छात्राएं विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर जिले का नाम रौशन कर रहे हैं।

उपायुक्त जामताड़ा द्वारा सभी पुस्तकालय का नियमित रूप से सतत पर्यवेक्षण एवं प्रगति की समीक्षा भी की जाती है ताकि कमियों को दूर कर सुदूर वर्ती ग्रामीण छात्र छात्राओं को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। जामताड़ा के छात्र छात्राओं, युवाओं के द्वारा पूरे जोश व उमंग के साथ अपना अधिकतर समय लाइब्रेरी में बिताया जा रहा है। जिसका फायदा यह है कि उनका गलत संगत छूट रहा और दूसरा पढ़ाई के प्रति उनका रुझान भी दिख रहा है।
पिछले वर्ष दिनांक 13 नवंबर को जामताड़ा प्रखंड के चेंगाईडीह पंचायत से शुरू इस अभियान के तहत जिले के सभी के सभी 118 पंचायतों में अपना सामुदायिक पुस्तकालय का अधिष्टापन किया जा चुका है। यहां प्रतिदिन सभी पुस्तकालय में नियमित रूप से क्लास का आयोजन किया जाता है। सभी 118 पुस्तकालयों में 300 से ज्यादा शिक्षक जुड़े हुए हैं। पिछले साढ़े तीन माह में 4600 से ज्यादा क्लास आयोजित किए हैं। वहीं 2500 से ज्यादा छात्र छात्राएं फुल टाइम पुस्तकालय से जुड़ी हुई है।
प्रत्येक सप्ताह के एक-दो दिन जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी अपनी ड्यूटी के उपरांत संबंधित पुस्तकालयों में छात्र छात्राओं एवं युवाओं को पढ़ाते हैं जिससे उनका पढ़ाई के साथ ही साथ मोटिवेशन भी है। पुस्तकालय में स्नातक तक के पादयक्रम की पुस्तकों के अतिरिक्त सामान्य अध्ययन, विज्ञान, समसामयिक मुद्दे, सामाजिक मुद्दे, गणित, अंग्रेजी हिंदी आदि विषयों की शिक्षा दी जाती है।
जिसका बेहतरीन प्रभाव यहां के युवाओं के मानस पटल पर हुआ है। वे अब पढ़ना चाह रहे हैं। पुस्तकालय में छठी कक्षा से लेकर स्नातक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी यहां नियमित रूप से पढ़ने आते हैं। पुस्तकालय में छात्रों के जरूरत की सभी किताबें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित किताबें रखी गई हैं। जिले एवं जिले से बाहर के लोग भी बच्चों के लिए किताबें डोनेट कर रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि संबंधित क्षेत्र के छात्र छात्राएं ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से भी लाइब्रेरी में अध्ययन हेतु अपना निबंधन करा सकते हैं।
उपायुक्त द्वारा बताया गया की समय समय पर बोर्ड परीक्षा, साइबर क्राइम पर जागरूकता, अन्य तरह के प्रीतियोगिता के परीक्षा, जेपीएससी के परीक्षा सहित अन्य विषयों पर गाइड क्लास भी करवाया जाता है। साथ ही उपायुक्त द्वारा बताया गया की सबसे बड़ी खुशी की बात है की सामुदायिक पुस्तकालय में छात्राए बढ़ चढ़ के पढ़ाई कर रही है।
एक नजर:
– जिले के सभी 118 पंचायतों में 300 से ज्यादा शिक्षक/पुलिस पदाधिकारी/प्रशासनिक पदाधिकारी जुड़े हुए हैं
– पिछले 3 महीने में 4600 से ज्यादा क्लास का हुआ है संचालन
– करीब 2500 से ज्यादा छात्र छात्राएं पुस्तकालय की पूर्णकालिक सदस्य
– पुस्तकालय में शिक्षक की प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी सप्ताह में एक दिन निभाते हैं शिक्षक की भूमिका, युवाओं को मिलता है मोटिवेशन
– एक क्लिक में पुस्तकालय की अद्यतन जानकारी, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की है व्यवस्था: (http://jamtaradistrict.in)

