
जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के बीरराजपुर स्टेशन पर एक निजी कंपनी की रेलवे साइडिंग से जुड़े कार्य के लिए ट्रेनों के परिचालन में किए गए बदलाव को लेकर विवाद शुरू हो गया है। 19 से 23 सितंबर तक प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट या प्रभावित होने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सवाल उठाया है।
सरयू राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से रेल मंत्रालय, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और चक्रधरपुर रेल मंडल का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी निजी कंपनी की रेलवे साइडिंग के लिए लगातार कई दिनों तक स्थानीय ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता है, तो रोजाना यात्रा करने वाले आम यात्रियों की सुविधा का क्या होगा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर स्टेशन के यात्री ध्यान दें, 19 से 23 सितंबर तक स्वर्णरेखा-आसनसोल एक्सप्रेस समेत 14 लोकल ट्रेनें रद्द
निजी कंपनी की साइडिंग के लिए लोकल ट्रेनें बंद करने पर सवाल
सरयू राय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा कि एक निजी कंपनी की रेलवे साइडिंग के लिए जमशेदपुर से जुड़ी स्थानीय ट्रेनों को लगातार चार दिनों तक बंद करने का क्या औचित्य है।उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आम यात्रियों को होने वाली परेशानी पर ध्यान देने की मांग की। उनका कहना है कि लोकल ट्रेनों पर बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, मजदूर, छोटे कारोबारी और छात्र रोजाना आवागमन के लिए निर्भर रहते हैं।
एक निजी कंपनी के रेलवे साईडिंग के लिए @CKP_Division की जमशेदपुर से जुड़ीं इन स्थानीय गाड़ियों को चार दिन तक बंद करने का क्या तुक है. @AshwiniVaishnaw जी लोकल ट्रेनों का उपयोग करने वाले यात्रियों की रेल सुविधाओं के साथ ऐसी बेरुख़ी क्यों ? pic.twitter.com/eWYL4jlrM7
— Saryu Roy (@roysaryu) September 19, 2026

