
जमशेदपुर: सिख धर्म के प्रथम गुरु, साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाशपर्व को समर्पित धार्मिक आयोजनों की शुरुआत गुरुवार को साकची गुरुद्वारा साहिब की ओर से पांच दिवसीय प्रभात फेरियों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक हुई। गुरबाणी कीर्तन, नाम-सिमरन और श्रद्धा के वातावरण में निकली पहली प्रभात फेरी 23 नवंबर तक साकची और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी।



READ MORE :DEOGHAR NEWS: देवघर में ‘एक और अवसर कैंप’ का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर BLO और सुपरवाइजर का वेतन रोकने का निर्देश
गुरु नानक नगर से हुई शुरुआत, संगत ने किया स्वागत
गुरुवार को प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातःकाल साकची स्थित गुरु नानक नगर से हुआ। यहां स्थानीय निवासी सरदार हरदयाल सिंह एवं सरदार मोनी सिंह रंधावा ने अपने आवास पर प्रभात फेरी का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया और संगत के लिए जलपान की सेवा निभाई।
गुरबाणी और जयकारे: इसके बाद गुरु साहिब की महिमा का कीर्तन और गुरबाणी का गायन करते हुए प्रभात फेरी क्षेत्र की विभिन्न गलियों से आगे बढ़ी। रास्ते में श्रद्धालु संगत भाव-विभोर होकर इसमें शामिल होती गई और ‘कल तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रस्थान का समय: प्रभात फेरी प्रतिदिन प्रातः 3 बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रस्थान करेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: घर खरीदने का सुनहरा मौका, 21 नवंबर से विवांता होटल में लगेगी ‘ड्रीम होम प्रदर्शनी’
23 नवंबर तक का रूट चार्ट और विशेष व्यवस्थाएं
साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह एवं महामंत्री परमजीत सिंह काले ने बताया कि प्रभात फेरी के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए गठित विशेष उप-समिति में हरविंदर सिंह, प्रितपाल सिंह, सुरजीत सिंह छीते, परमजीत सिंह काले, बलबीर सिंह एवं दलजीत सिंह शामिल हैं।
आगे का कार्यक्रम: प्रभात फेरी उप-समिति के सदस्य हरविंदर सिंह ने बताया कि 20 नवंबर (शुक्रवार) को पुरानी काशीडीह एवं बगान एरिया, 21 नवंबर (शनिवार) को न्यू काशीडीह एवं बाराद्वारी, 22 नवंबर (रविवार) को रिफ्यूजी कॉलोनी एवं सीतारामडेरा तथा 23 नवंबर (सोमवार) को पुनः गुरु नानक नगर एवं ठाकुरबाड़ी रोड क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
संपर्क व सहयोग: आयोजन को सफल बनाने में नौजवान सभा, साकची स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था का विशेष सहयोग मिल रहा है। उप-समिति के सदस्यों ने कहा कि इसका उद्देश्य गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक सिद्धांतों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अपने निवास पर प्रभात फेरी के स्वागत व दर्शन के इच्छुक परिवार 8210248895 पर संपर्क कर सकते हैं।





