पारस सिंह झा
देवघर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर गुरुवार को ‘एक और अवसर कैंप’ आयोजित किया गया। इस दौरान मतदान केंद्र स्तर पर बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की छठी एवं अंतिम बैठक भी हुई। कैंप की व्यवस्था और निर्वाचन कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सारठ और मधुपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ, पर्यवेक्षकों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बातचीत कर कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मतदाता को अपने मतदान केंद्र के अलावा किसी अन्य स्थान पर जाने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। विद्यालयों में आयोजित कैंप के दौरान नियमित पठन-पाठन भी प्रभावित नहीं होना चाहिए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: घर खरीदने का सुनहरा मौका, 21 नवंबर से विवांता होटल में लगेगी ‘ड्रीम होम प्रदर्शनी’
पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘कोई पात्र भारतीय नागरिक छूटे न, कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े न’ के सिद्धांत का पूरी तरह पालन किया जाए। पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए सघन ‘होम-टू-रोल’ सत्यापन अभियान चलाने को कहा गया।
उन्होंने एकत्रित प्रपत्र-6 के त्वरित विभाजन और डिजिटाइजेशन के लिए बीएलओ को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया। विशेष रूप से युवा मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘प्रपत्र-6 डिजिटाइजेशन कैंप’ आयोजित करने पर जोर दिया।
लापरवाही पर वेतन रोकने का निर्देश
मधुपुर प्रखंड में बूथ निरीक्षण के दौरान कार्य में कोताही पाए जाने पर उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को शोकॉज करने तथा उनका वेतन रोकने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपायुक्त ने सारठ प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 48, 49 और 50 का दौरा किया। इसके बाद मधुपुर प्रखंड के बूथ संख्या 223, 224, 225 और 226 पर पहुंचकर बीएलओ-बीएलए बैठक तथा चुनाव पाठशाला की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा करने को कहा, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय, मधुपुर और सारठ प्रखंड कार्यालय में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, सारठ के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार, मधुपुर के प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।


