
जमशेदपुर। गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाली शहीदी यात्रा की तैयारियों को लेकर सेंट्रल सिख नौजवान सभा की महत्वपूर्ण बैठक आज साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा के प्रधान सरदार अमरीक सिंह ने की।


बैठक की शुरुआत सभा के महासचिव सुखवंत सिंह ने अरदास के साथ की। इसके बाद प्रधान अमरीक सिंह ने जानकारी दी कि शहीदी यात्रा 26 अगस्त को जमशेदपुर पहुंचेगी और रात्रि विश्राम टेल्को गुरुद्वारा साहिब में होगा। इसके उपरांत 27 अगस्त की सुबह यात्रा टेल्को गुरुद्वारा साहिब से बिष्टुपुर होते हुए रांची की ओर रवाना होगी।
सभा ने तय किया कि यात्रा के दौरान आतिशबाजी नहीं की जाएगी बल्कि संगत फूलों की वर्षा से गुरु महाराज का स्वागत करेगी। इस दौरान सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सदस्य जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए ट्रैफिक नियंत्रण, अनुशासन, और संगत सेवा जैसी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
READ MORE :Jamshedpur News :आसनसोल से रांची तक की शहीदी यात्रा यूट्यूब पर होगी लाइव
सभा की ओर से सरदार अमरीक सिंह, त्रिलोचन सिंह, रंजीत सिंह, सुखवंत सिंह, जगजीत सिंह और सतविंदर सिंह को यात्रा के दौरान कंट्रोलर नियुक्त किया गया है। ये सभी सदस्य विभिन्न स्थानों पर सेवा और व्यवस्था को संभालेंगे।
बैठक में उपस्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (सीजीपीसी) के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने कहा कि नौजवान सभा के सदस्य हमेशा नगर कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में सेवा भावना से कार्य करते आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शहीदी यात्रा में भी नौजवान सभा पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देगी। सीजीपीसी की ओर से भी यात्रा के सफल आयोजन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
सभा की बैठक में महासचिव रंजीत सिंह ने आए हुए सभी सदस्यों का आभार जताया और कहा कि यह यात्रा गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान की अमर गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है।
बैठक में मुख्य रूप से सरदार अमरीक सिंह, महासचिव रंजीत सिंह, सुखवंत सिंह सुखू, पूर्व प्रधान सतिंदर सिंह रोमी, चंचल भाटिया, सतविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, अमनजोत सिंह, जुझार सिंह, सिमरन भाटिया, जगप्रीत सिंह, गुरदयाल सिंह, इकबाल सिंह, जगजीत सिंह जग्गी, सुखदीप सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
यह शहीदी यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि संगत को सेवा, अनुशासन और एकता का संदेश भी देगी।


