
जमशेदपुर : गुरु तेग बहादुर जी महाराज की 350वीं शहीदी शताब्दी पर निकलने वाली असम से शहीदी यात्रा को अब लोग घर बैठे देख पाएंगे। शहर के पाँच सिख युवाओं की टीम ने यह अनूठी पहल की है। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सहयोग से यह पूरी यात्रा आसनसोल, धनबाद, बोकारो, टाटानगर होते हुए रांची तक यूट्यूब पर लाइव दिखाई जाएगी।


इस टीम में सेंट्रल सिख नौजवान सभा के पूर्व प्रधान सतवीर सिंह सोमू, चेयरमैन चंचल भाटिया, युवा समाजसेवी इंदरजीत सिंह, बहादर गतका ग्रुप के जगजीत सिंह और सिमरन भाटिया शामिल हैं। सतवीर सिंह सोमू और इंदरजीत सिंह ने बताया कि कई बुजुर्ग या ऐसे लोग जो स्वास्थ्य या अन्य कारणों से यात्रा में शामिल नहीं हो पाते, उनके परिवारजन उन्हें मोबाइल या टीवी स्क्रीन पर यह यात्रा दिखा सकें, इसी सोच के साथ “350 Saal Shaeedi Nagar Kirtan” नाम से यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।
READ MORE :Jamshedpur News :नो हेलमेट-नो फ्यूल, CCTV से होगी सख्त निगरानी
टीम के चंचल भाटिया और जगजीत सिंह ने कहा कि यात्रा के कई ऐतिहासिक और भावनात्मक पलों को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी संगत को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पटना साहिब से निकलने वाली यात्रा को भी उसी यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारित किया जाएगा।
इस संबंध में सोमवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय में लाइव प्रसारण के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर का अनावरण CGPC के प्रधान सरदार भगवान सिंह और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह ने किया।
इस मौके पर सरदार भगवान सिंह ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम दूर-दराज़ के संगतियों तक गुरु घर की मर्यादा और श्रद्धा को पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीजीपीसी की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा और असम से आने वाली यात्रा की कॉर्डिनेटर टीम को भी सूचित किया जाएगा, ताकि एकजुट होकर संगत इस ऐतिहासिक यात्रा का अनुभव कर सके।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :उपायुक्त ने वज्रपात सुरक्षा रथ को किया रवाना, जागरूकता से ही संभव जनहानि की रोकथाम


