जमशेदपुर, 2 नवंबर: पूर्वी सिंहभूम जिले में जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत खाद्यान्न वितरण की रफ्तार बढ़ाने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने राशन दुकानदारों को न्यूनतम 95 प्रतिशत वितरण का लक्ष्य दिया है। सोमवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के लिए एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें खाद्यान्न उठाव, डोर स्टेप डिलीवरी और लाभुकों तक समय पर राशन पहुंचाने की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कार्यशाला में दुकानदारों को कमांड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से खाद्यान्न उठाव और डोर स्टेप डिलीवरी की निगरानी की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने और वितरण प्रतिशत में सुधार लाने का निर्देश दिया।
READ ,MORE :Jamshedpur News: NH पर गाड़ी खड़ी करना पड़ेगा महंगा! 27 वाहनों से वसूले गए ₹1.73 लाख
अनुभाजन क्षेत्र में 95 प्रतिशत वितरण पर विशेष जोर
कार्यशाला में विशेष रूप से अनुभाजन क्षेत्र में खाद्यान्न वितरण का प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया गया। दुकानदारों को न्यूनतम 95 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ यह भी जरूरी है कि पात्र लाभुकों को समय पर उनका राशन मिले।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले राशन डीलर सम्मानित
कार्यशाला के दौरान सभी प्रखंडों से खाद्यान्न वितरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो-दो जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बेहतर कार्य करने वाले दुकानदारों को प्रोत्साहित करना और अन्य डीलरों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करने के लिए प्रेरित करना था।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सूर्य मंदिर समिति की आमसभा में चंद्रशेखर मिश्रा को श्रद्धांजलि, रघुवर दास बोले- निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति
पारदर्शिता और तकनीकी प्रक्रिया के पालन का निर्देश
संबंधित अधिकारियों ने दुकानदारों को तकनीकी प्रक्रियाओं का सही तरीके से अनुपालन करने, खाद्यान्न उठाव एवं वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में एसओआर राहुल जी आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी, बीएसओ, एमओ और जिले के जन वितरण प्रणाली दुकानदार उपस्थित रहे।

