
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने 18 जुलाई 2026 को नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षकों की उपस्थिति में सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इस बैठक में शहर की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कई कड़े और स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।


सरकारी मोबाइल नंबर 24 घंटे चालू रखने का अल्टीमेटम
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों, अंचल निरीक्षकों और पुलिस उपाधीक्षकों को सख्त हिदायत दी है कि उनका आवंटित सरकारी मोबाइल नंबर किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होना चाहिए। जनता किसी भी समय शिकायत या सूचना दे सकती है, इसलिए इन नंबरों को थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाकर प्रचारित करने का निर्देश दिया गया है।
अवैध कारोबार पर सीधे जिम्मेदार होंगे थाना प्रभारी
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या अवैध बालू का कारोबार पाया जाता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित थाना प्रभारी को जिम्मेदार माना जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सीसीए (CCA), सर्विलांस और थाना हाजिरी का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। दागी और गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों को थाने में हाजिरी लगानी होगी।
READ MORE :Jamshedpur News :NIT Jamshedpur और Sona Devi University के बीच ऐतिहासिक MoU, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट को मिलेगा बढ़ावा
महिलाओं की सुरक्षा और 60 दिनों में चार्जशीट
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसएसपी ने कड़े कदम उठाए हैं:
महिलाओं के खिलाफ अपराध, बलात्कार और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के मामलों में 60 दिनों के भीतर अनुसंधान पूरा कर आरोप-पत्र (Charge-sheet) समर्पित करना अनिवार्य कर दिया गया है।
महिला थाना प्रभारी ‘पिंक पेट्रोलिंग’ के साथ स्वयं गश्ती करेंगी और जागरूकता अभियान चलाएंगी।
स्कूल, कॉलेज और पार्क के बाहर छेड़खानी और चेन छिनतई रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यातायात, साइबर अपराध और पासपोर्ट सत्यापन
ट्रैफिक नियम: यातायात पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे चेकिंग के नाम पर आम जनता को परेशान न करें। हालांकि, ब्लैक फिल्म, मोडिफाईड साइलेंसर और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा।
पासपोर्ट वेरिफिकेशन: पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन का कार्य हर हाल में 7 दिनों के अंदर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
साइबर क्राइम: साइबर थाना प्रभारी हर हफ्ते स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे।
गश्ती और चेकिंग: अवैध हथियार और चाकू के खिलाफ एंटी-क्राइम चेकिंग चलेगी, और पीसीआर (PCR) व टैंगो को एक जगह रुकने के बजाय लगातार गश्ती करने को कहा गया है। बैंक और एटीएम पर विशेष नजर रहेगी।
आम जन और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए हर हफ्ते ‘कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम’ (Community Outreach Programme) आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है।



