
जमशेदपुर ।

लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर व्यवसायियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार (2 जुलाई) को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन झारखंड पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मनोज कौशिक को सौंपा। यह महत्वपूर्ण ज्ञापन पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) कोल्हान प्रक्षेत्र अनुरंजन किस्पोट्टा और पूर्वी सिंहभूम के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वक़ारिब की उपस्थिति में दिया गया।
व्यापारियों में भय का माहौल, पुलिस कस्टडी में हत्या पर जताई चिंता
चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने शहर के हालात पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में रंगदारी, गोलीबारी, चोरी, छिनतई और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। विशेषकर बिष्टुपुर में पुलिस अभिरक्षा के दौरान हुई हत्या ने व्यापारिक समुदाय और आम नागरिकों में असुरक्षा का वातावरण पैदा कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के उद्योग, निवेश और रोजगार के लिए जमशेदपुर में सुरक्षित वातावरण का होना नितांत आवश्यक है।
सीसीटीवी, गश्त और निष्पक्ष जांच सहित चैंबर की प्रमुख मांगें
चैंबर ने पुलिस प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखीं। इनमें रांची की तर्ज पर प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास द्वारों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाना, ट्रैफिक पुलिस को चालान के बजाय जाम नियंत्रण पर फोकस करने का निर्देश देना, अवैध अतिक्रमण हटाना, नशे के खिलाफ विशेष अभियान और सभी थाना क्षेत्रों में टी.ओ.पी. (Town Out Post) को पुनः सक्रिय करना शामिल है। चैंबर ने यह भी आग्रह किया कि किसी प्रतिष्ठान के बाहर अपराध होने पर, बिना निष्पक्ष जांच के संबंधित व्यवसायी को संदिग्ध या दोषी न ठहराया जाए।
ADG का त्वरित एक्शन: डोबो पुल पर लगेगा CCTV और TOP
एडीजी मनोज कौशिक ने चैंबर की बातों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने तत्काल एसएसपी डॉ. एहतेशाम वक़ारिब को डोबो पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुल के समीप एक टी.ओ.पी. स्थापित करने का निर्देश दिया। एडीजी ने व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि शहर की आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और अपराधियों पर कठोर प्रहार किया जाएगा।
3 जुलाई के ‘जमशेदपुर बंद’ को चैंबर का मिला नैतिक समर्थन
सिंहभूम चैंबर ने शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की बहाली के लिए 3 जुलाई को प्रस्तावित ‘जमशेदपुर बंद’ को अपना नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है। चैंबर ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे शांति, संयम और कानून का पालन करते हुए इस विरोध प्रदर्शन में अपनी लोकतांत्रिक भावनाओं को व्यक्त करें।


