
जमशेदपुर,।
झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की स्मृति में उनके शिक्षा के सपनों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बिरसानगर, जोन संख्या 8 स्थित सामुदायिक भवन में “हर घर कॉपी, हर हाथ कलम” अभियान का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान बच्चों के बीच कॉपी और कलम वितरित की गई, ताकि वे शिक्षा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित हो सकें।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व. रामदास सोरेन का सपना था कि झारखंड का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही असली पूंजी है और इस अभियान से निश्चित ही बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा।”
अभियान के संचालक अंकित सिंह (पूर्व जिला कोषाध्यक्ष, झारखंड युवा मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम) ने कहा कि यह मुहिम स्व. सोरेन के सपनों को साकार करने की दिशा में उनकी छोटी-सी कोशिश है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि पूर्वी सिंहभूम का कोई भी बच्चा कॉपी और कलम की कमी से पढ़ाई से वंचित न रहे। शिक्षा हर घर तक पहुँचे, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।”
स्थानीय लोगों का सहयोग
इस पहल की स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की और संकल्प लिया कि अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। लोगों का कहना था कि अगर शिक्षा का यह संदेश हर घर तक पहुँचे तो आने वाली पीढ़ी न केवल साक्षर होगी, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी आएगा।
READ MORE :National News :राष्ट्रपति ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो के पूर्व नगर अध्यक्ष दलगोविंद लोहरा, पूर्व नगर उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, विष्णु प्रधान, रोहित लोहरा, आशीष मिश्रा, डी रवि, शुभम कुमार, अभय पांडे, मनीष चौहान, राकेश दास, सतनाम सिंह और रूपेश मुखी समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने मिलकर बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें पढ़ाई में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि समाज के सामूहिक प्रयास से शिक्षा जैसी बड़ी मुहिम को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।



