जमशेदपुर: झारखंड की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहीं महिला नेत्री शारदा देवी को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राजद के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय कुमार सिंह यादव द्वारा की गई है। शारदा देवी आदित्यपुर-02 की निवासी हैं और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में राजद की प्रत्याशी भी रह चुकी हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, शारदा देवी का राजनीतिक अनुभव और संगठन में उनकी लंबे समय से सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इससे पहले लगातार दो बार महिला राजद की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं और महिला मोर्चा को मजबूती देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
READ MORE :Jamshedpur news:बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात
शारदा देवी का नाम उस समय भी चर्चा में आया था जब वे अकलुराम महतो के नेतृत्व वाली राजद प्रदेश कमेटी में महासचिव के रूप में काम कर रही थीं। उनके कामकाज की शैली, संगठनात्मक कौशल और महिलाओं को राजनीति में आगे लाने की सोच को पार्टी नेतृत्व ने हमेशा सराहा है।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को महिलाओं के सशक्तिकरण और संगठन में उनकी प्रभावी भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है। शारदा देवी की नियुक्ति से न केवल आदित्यपुर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है, बल्कि महिला कार्यकर्ताओं में भी एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद शारदा देवी ने कहा कि वे पार्टी द्वारा दिखाए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करती हैं और संगठन को और मजबूत करने में पूरी मेहनत से जुटी रहेंगी। उन्होंने कहा कि राजद की विचारधारा को जनता के बीच ले जाना और समाज के वंचित तबकों की आवाज बनना ही उनका लक्ष्य रहेगा।
READ MORE :Jamshedpur News :जाति प्रमाण पत्र की समस्या को लेकर अखिल भारतीय धोबी समाज की बड़ी पहल




