जमशेदपुर ।
गोलमुरी क्षेत्र स्थित न्यू केबुल टाउन में 108 जय मंगला बाबा के सानिध्य में चल रहे नौ दिवसीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के सातवें दिन बुधवार को पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर रहा। सुबह से ही यज्ञशाला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा माहौल वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन व जयघोष से गूंजता रहा। आस्था के इस महाकुंभ में शहरवासी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सुबह 5 बजे से पहले चकाचक होंगे बाजार और सड़कें, डीसी राजीव रंजन ने दिए कड़े निर्देश
21 आचार्यों की टोली ने कराया हवन अनुष्ठान
पंचकुंडीय यज्ञशाला में बनारस से आए यज्ञाचार्य लाल मोहन शास्त्री के नेतृत्व में 21 आचार्यों की टोली ने पूरी विधि-विधान के साथ वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया। वैदिक परंपरा के अनुसार मंत्रोच्चार के बीच दैनिक पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और वेदी पूजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंड में आहुति देकर हवन अनुष्ठान पूर्ण किया। इस दौरान यज्ञशाला की परिक्रमा करने के लिए विशेषकर महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जो भक्ति-भाव में लीन नजर आईं।
भगवान को अपनी चिंताएं समर्पित करें मनुष्य: रामानंद दास महाराज
बुधवार शाम अयोध्याधाम से आए रामानंद दास महाराज ने अपनी संगीतमय कथा से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन के अहम सूत्र बताए। उन्होंने मंच से संदेश दिया कि मनुष्य ईश्वर का ही अंश है, लेकिन वह सांसारिक मायाजाल में फंसकर अपना असली स्वरूप भूल बैठा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मार्मिक आग्रह किया कि वे कथा की दक्षिणा के रूप में धन नहीं, बल्कि अपनी सारी चिंताएं भगवान को अर्पित करें और उन पर पूर्ण विश्वास रखें। कथा के बीच प्रस्तुत किए गए भक्ति गीतों और मधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। कथा समापन के पश्चात हजारों लोगों ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
गुरुवार रात सजेगी महफिल, मशहूर गायिका इशरत जहां करेंगी भजन संध्या
महायज्ञ के आठवें दिन गुरुवार रात 8 बजे मुंबई से आ रहीं प्रसिद्ध भजन गायिका इशरत जहां अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। ‘राइजिंग स्टार’ और ‘सुरवीर’ (महुआ प्लस) जैसे चर्चित रियलिटी शो से अपनी एक अलग पहचान बनाने वाली इशरत जहां रामभक्ति और देवी-भजनों के लिए देशभर में मशहूर हैं। उनके आगमन को लेकर आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। संगीत और भक्ति के इस अनूठे संगम को लेकर श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। समिति ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भजन संध्या का लाभ उठाने की अपील की है।
आयोजन को सफल बनाने में समिति का अहम योगदान
इस भव्य लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के सफल संचालन में समिति के सदस्यों की भूमिका बेहद सराहनीय रही है। मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर, संयोजक शिवशंकर सिंह, बिपिन झा, बिट्टू तिवारी, जम्मू वाले बाबा, नीरज सिंह, शैलेश पांडेय, संजय सिंह, महेश शर्मा, हरेराम यादव, प्रेम झा, लाल बाबू यादव, सन्नी सिंह चौहान, आदित्य ओझा, कृष्णा कुमार, अवनीश सिंह चिंटू, अवधेश सिंह, सत्येंद्रनाथ सिंह, अजय तिवारी, गोपाल शर्मा, पप्पू यादव, निशांत सिन्हा, नीरज मिश्रा, अनिल सिंह, देबाशीष झा, त्रिभुवन प्रसाद सिंह, सुरेश दास, अजय लाला और सोनू समेत तमाम कार्यकर्ता दिन-रात इस आयोजन में जुटे हुए हैं।




