जमशेदपुर ।
नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विकास योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिले के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी नगर निकायों (जेएनएसी, मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया) के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पायलट प्रोजेक्ट: सुबह 5 बजे से पूर्व होगी साफ-सफाई
शहरवासियों को एक स्वच्छ और सुंदर माहौल देने के लिए उपायुक्त ने एक नई और सराहनीय पहल की है। उन्होंने एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर के सभी प्रमुख मार्केट प्लेस (बाजारों) और मुख्य सड़कों की सफाई अहले सुबह 5 बजे से पूर्व या रात में ही पूरी कर लेने का सख्त निर्देश दिया है। अधिकारियों को बताया गया है कि यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो इसे पूरे शहर के अन्य हिस्सों में भी बड़े पैमाने पर लागू किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने वालों पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाते हुए कूड़ा फेंकने वालों से जुर्माना भी वसूला जाएगा।
गर्मी से राहत: 2 दिन में घड़े और 1 हफ्ते में चालू होंगे वाटर एटीएम
बढ़ती भीषण गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर शहर के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर घड़े और सुराही के माध्यम से अस्थाई पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, एक सप्ताह के अंदर चिन्हित स्थानों पर ‘वाटर एटीएम’ (Water ATM) अधिष्ठापित कर उन्हें चालू करने का अल्टीमेटम दिया गया है। शहर के ड्राई जोन और जल संकट वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी पहुंचाने की भी सख्त हिदायत दी गई है।
मानसून से पूर्व नाला उड़ाही और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी
आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने मानसून से पूर्व ही विशेष अभियान चलाकर शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई (नाला उड़ाही) का काम हर हाल में पूरा कर लेने का निर्देश दिया है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने, सभी सुलभ और सामुदायिक शौचालयों में साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। नगर निकायों के विशेष पदाधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड का स्वयं निरीक्षण करने का आदेश है। आगामी ‘स्वच्छता सर्वेक्षण’ में जमशेदपुर को बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए अधिकारियों को अभी से तैयारियां शुरू करने और जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य, रोजगार और प्रदूषण नियंत्रण पर विशेष जोर
नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मोहल्लों में स्थापित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ (स्वास्थ्य केंद्रों) की व्यवस्था दुरुस्त करने, वहां नियमित चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और जीर्णोद्धार कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, नगरीय आबादी को रोजगार से जोड़ने के लिए सफाई कर्मियों को ‘मुख्यमंत्री श्रमिक योजना’ से जोड़ने, उनके जॉब कार्ड बनाने और सुरक्षा मानकों के तहत काम लेने पर जोर दिया गया है। शहर में निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए सभी सरकारी और गैर-सरकारी निर्माण स्थलों पर नियमित अंतराल पर पानी का छिड़काव करने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।
इस अहम बैठक में जेएनएसी (JNAC) सह मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान, चाकुलिया नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा सहित सभी नगर निकायों के सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर और अन्य अभियंता मौजूद थे।




