जमशेदपुर: जनसंघ के समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सींचने वाले वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया गया, जहां उनके बड़े पुत्र नवीन मिश्रा ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा और बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और शहर के शुभचिंतक उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से विदाई दी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : भाजपा नेता चंद्रशेखर मिश्रा का निधन, आज अंतिम संस्कार
साकची भाजपा कार्यालय में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
अंतिम संस्कार से पहले स्वर्गीय चंद्रशेखर मिश्रा के पार्थिव शरीर को भालूबासा के इंद्रानगर स्थित उनके आवास से साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय लाया गया।
पार्टी ध्वज से सम्मान: यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो और भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर सम्मानपूर्वक पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
नारों से गूंजा परिसर: इस दौरान भावुक पार्टी कार्यकर्ताओं ने “चंद्रशेखर बाबा अमर रहें” के नारों के साथ अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
READ MORE :Jamshedpur News :बधिरजनों के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन की बड़ी पहल, ‘सबल-संकेत’ के जरिए ISLRTC और CRC रांची के साथ किया MoU
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किए अंतिम दर्शन
भुइयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी पहुंचे। उन्होंने चंद्रशेखर मिश्रा के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पहले, भालूबासा स्थित आशीष किशोर संघ परिसर में भी उनके पार्थिव शरीर पर शीतला मंदिर समिति के सदस्यों ने पुष्प अर्पित किए। सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने भी नमन किया।
इन दिग्गजों ने भी दी श्रद्धांजलि: जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, नंदजी प्रसाद, गुंजन यादव, राजेश शुक्ला, मनोज सिंह, मीरा मुंडा, अमरप्रीत सिंह काले, दुलाल भुइयां, कल्याणी शरण सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और हजारों कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्होंने भारी मन से अपने मार्गदर्शक को नमन किया।


