जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) जमशेदपुर महानगर परिवार को बुधवार को एक बड़ा आघात लगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा (78 वर्ष) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे कोल्हान के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम में जाने के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को चंद्रशेखर मिश्रा एक शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने घर से निकल रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया।प्राथमिक जांच के बाद जब उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल (Tata Motors Hospital) ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनका दुःखद निधन हो गया।
अस्पताल पहुंचे सांसद और विधायक
पार्टी के एक अनुभवी और समर्पित नेता के यूं असमय चले जाने की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
READ MORE:Jamshedpur News :JHTET परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद, डीसी और एसएसपी ने की अहम बैठक
गुरुवार को निकलेगी अंतिम यात्रा
चंद्रशेखर मिश्रा की अंतिम यात्रा गुरुवार सुबह 11 बजे भालूबासा के इंद्रानगर स्थित उनके पैतृक आवास से निकाली जाएगी। उनकी अंतिम यात्रा भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचेगी, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन को भाजपा के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

