जमशेदपुर: बेल्डीह स्थित चर्च स्कूल परिसर में शुक्रवार को वार्षिक विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 3 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए कार्यशील मॉडल, कलाकृतियां और साहित्यिक रचनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत बैपटिस्ट चर्च के पास्टर रेवरेंड मनोज चरण के नेतृत्व में प्रारंभिक प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट और कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।
READ MORE :WEATHER ALERT :चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पर राष्ट्रीय बुलेटिन 37 जारी, 20 नवंबर पूर्वाह्न तट पार करने के आसार
सौर ऊर्जा, रोबोटिक्स और पर्यावरण संरक्षण पर दिखी प्रतिभा
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, रोबोटिक्स और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी एवं कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही चित्रकला, हस्तशिल्प और मौलिक साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से अपनी कला प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रदर्शनी की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने अभिभावकों और अतिथियों के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता समझाई। इससे उनकी विषय संबंधी समझ, प्रस्तुतीकरण क्षमता और आत्मविश्वास देखने को मिला।
READ MORE :JHARKHAND WEATHER ALERT: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से झारखंड में बारिश के आसार, 26 नवंबर तक बदल सकता है मौसम
किताबी ज्ञान के साथ रचनात्मकता को बढ़ावा देना उद्देश्य
इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या प्रोमिला जोशुआ ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके भीतर छिपी वैज्ञानिक सोच और कलात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित करना है। बच्चों की ओर से तैयार किए गए मॉडल और उनके आत्मविश्वास को देखकर यह भरोसा होता है कि आने वाला कल सुरक्षित और उज्ज्वल हाथों में है।
कार्यक्रम में बेल्डीह बैपटिस्ट चर्च की कार्यकारिणी समिति के सदस्य, विद्यालय के सचिव अविनाश कुमार दास, उप-प्रधानाचार्या प्रोमिला जोशुआ, सीनियर को-ऑर्डिनेटर वी प्रशांता कुमारी, मिडिल को-ऑर्डिनेटर मिनोती दास, प्राइमरी को-ऑर्डिनेटर पी लीशी और प्री-प्राइमरी को-ऑर्डिनेटर संजीव कुमार दास उपस्थित रहे।



