रांची/जमशेदपुर: बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र रांची ने 20 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक का दो सप्ताह का विस्तारित मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, आगामी सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, सप्ताह के पूर्वार्ध में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भी आशंका जताई गई है।
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, पहले सप्ताह में बारिश के कारण राज्य में संचयी वर्षा सामान्य से अधिक रह सकती है। हालांकि, 27 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
READ MORE :saraikela-kharsawan News : भाजपा जिला कार्यालय में बूथ संगठन पुनर्निर्माण को लेकर बैठक, तीन विधानसभा संयोजकों की घोषणा
बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’
मौसम केंद्र के अनुसार, 13 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना था, जो धीरे-धीरे तीव्र होकर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में परिवर्तित हुआ। 18 नवंबर को यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया।
19 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश-यानम और दक्षिण ओडिशा तट के बीच नरसापुर और पुरी के मध्य, गोपालपुर के निकट तट पार करने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान था।
बीते सप्ताह राज्य में नहीं हुई बारिश
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, 13 से 19 नवंबर के बीच झारखंड में शुष्क मौसम रहा। इस अवधि में राज्य में शून्य मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 1.0 मिलीमीटर थी। इस तरह वर्षा में 100 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
वहीं, 1 अक्टूबर से 19 नवंबर तक राज्य में कुल 68.7 मिलीमीटर संचयी वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 80.7 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस अवधि में वर्षा सामान्य से 15 प्रतिशत कम रही।
12 से 18 नवंबर के दौरान 16 नवंबर की शाम से ऊंचे बादल छाने और 18 नवंबर को सामान्य बादल रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट तथा न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर के शोधार्थी निवेदन महतो को मिली पीएचडी की उपाधि, निदेशक ने दी बधाई
20 से 26 नवंबर तक बारिश की संभावना
मौसम केंद्र रांची के दो सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 से 26 नवंबर के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के शुरुआती दिनों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य रह सकता है। इसके 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक यानी 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
27 नवंबर से 3 दिसंबर तक शुष्क मौसम का अनुमान
दूसरे सप्ताह यानी 27 नवंबर से 3 दिसंबर के दौरान झारखंड में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है और इसके 25 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य रह सकता है। इसके 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक-डी एवं प्रमुख डॉ. बाबूराज पी.पी. की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पहले सप्ताह में बारिश और तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।


