
जमशेदपुर: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के सुरक्षा कर्मचारियों को अचानक सेवामुक्त किए जाने के खिलाफ कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। अपनी रोजगार बहाली और न्यायोचित मांगों को लेकर सुरक्षाकर्मियों ने उपायुक्त (DC) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर इस संवेदनशील मामले का जल्द से जल्द न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की गई।

READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जुगसलाई साफी गंज में पानी की किल्लत, सोसायटी और अधिकारियों ने किया घर-घर निरीक्षण
तेज बारिश और आंधी भी नहीं डिगा सकी हौसला
धरना प्रदर्शन के दौरान अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, लेकिन अपने हक की लड़ाई लड़ रहे सुरक्षाकर्मी और उनके समर्थक टस से मस नहीं हुए। वे भीगते हुए भी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे, जो उनके मजबूत इरादों को दर्शाता है।
झामुमो और कांग्रेस का मिला खुला समर्थन
सुरक्षा कर्मचारियों के इस आंदोलन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस का पूर्ण नैतिक समर्थन प्राप्त हुआ। आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाने के लिए कई स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेता धरना स्थल पर पहुंचे। नेताओं ने बैंक प्रबंधन के तानाशाही रवैये की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि बिना किसी नोटिस के कर्मचारियों को हटाना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है और जब तक इन्हें न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई जारी रहेगी।
भोजन की व्यवस्था और आगे की रणनीति
आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए झामुमो नेता बबन राय के नेतृत्व में सभी सुरक्षा कर्मचारियों के लिए भोजन की पुख्ता व्यवस्था की गई, ताकि दूर-दराज से आए कर्मचारियों को परेशानी न हो। वहीं, सुरक्षाकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद भी बैंक प्रबंधन अपना फैसला वापस नहीं लेता है और त्वरित बहाली नहीं होती है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर दिशा की बैठक में कड़े फैसले, बिजली-सड़क और अतिक्रमण पर अधिकारियों को अल्टीमेटम
धरना स्थल पर इन नेताओं की रही मौजूदगी
इस मौके पर विधायक मंगल कालिंदी (जुगसलाई), विधायक संजीव सरदार (पोटका), पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन, उपाध्यक्ष सागौन पूर्ति, बबन राय, कपाली नगर पालिका उपाध्यक्ष शाबान खान और सिमरन भाटिया मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, प्रताप सिंह यादव, धर्मेंद्र सोनकर, अजय सिंह, राइस रिजवी छहबन, विजय खा, तरुण देय सहित नंतु सरकार, विजय महतो, अंकित सूर्यवंशी, लड्डू खान, अंजर राय, गुरमीत सिंह गिल और अरुण सिंह राजा जैसे कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।



