
जमशेदपुर ।

मानगो स्थित डिमना क्षेत्र में कचरा डंपिंग और प्रदूषण की समस्या अब एक बड़े कानूनी विवाद का रूप ले चुकी है। डिमना के वसुंधरा स्टेट और उसके आसपास रहने वाले हजारों परिवारों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जन विकास मंच के प्रमुख और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए चिन्हित लगभग 13 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कचरा डंप किए जाने के खिलाफ एनजीटी में जनहित याचिका दाखिल कर दी है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: ब्रेड का लालच देकर कार से बकरी चुराने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 6 बकरियों के साथ एक गिरफ्तार
बस स्टैंड की 13 एकड़ जमीन बनी डंपिंग यार्ड
सौरभ विष्णु ने बताया कि स्थानीय निवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जब उन्होंने मौके का भौतिक निरीक्षण किया, तो वहां की जमीनी स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। जिस 13 एकड़ जमीन पर शहर की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बस स्टैंड का निर्माण किया जाना था, उसे कचरा डंपिंग यार्ड में तब्दील कर दिया गया है। वहां कचरे के बड़े-बड़े पहाड़ लगा दिए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है।
वसुंधरा स्टेट के हजारों परिवारों का जीवन हुआ दूभर
डिमना के वसुंधरा स्टेट और उसके आसपास हजारों मध्यमवर्गीय परिवार निवास करते हैं। इस अस्थाई कचरा डंपिंग स्थल के कारण इन परिवारों को रोजमर्रा के जीवन में भारी मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वसुंधरा स्टेट से बाहर मुख्य सड़क तक जाने का रास्ता भी इसी इलाके से होकर गुजरता है। यहां से आने-जाने वाले लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को हर दिन गंदगी और दमघोंटू बदबू के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
सौरभ विष्णु ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने इस जगह पर एक व्यवस्थित बस स्टैंड बनने की उम्मीद की थी, लेकिन निगम की अनदेखी से यह जगह कचरा डंपिंग यार्ड बन गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हजारों लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। आगामी बरसात के मौसम में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है, जिससे कचरे से निकलने वाले दूषित पानी, जलभराव और गंभीर संक्रामक बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा।
READ MORE :East Central Railway :महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया बिक्रमशिला-कटरिया नई रेल लाइन का निरीक्षण, 2549 करोड़ से कोसी और अंग क्षेत्र का होगा मिलन
NGT से की गई तत्काल कार्रवाई की मांग
एनजीटी (NGT) में दाखिल अपनी याचिका के माध्यम से सौरभ विष्णु ने पुरजोर मांग की है कि प्रस्तावित बस स्टैंड की जमीन पर कचरा डंपिंग के कार्य पर तुरंत रोक लगाई जाए। इसके साथ ही, पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन की निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के निवासियों को इस जानलेवा प्रदूषण और पनप रहे स्वास्थ्य संकट से स्थायी रूप से राहत मिल सके।


