
जमशेदपुर ।

पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं पर कड़ी चोट करते हुए एक बेहद शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह किसी आम तरीके से नहीं, बल्कि महंगी स्विफ्ट डिजायर कार में घूमकर और ब्रेड का लालच देकर बकरियों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के एक सदस्य को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
14 जून 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती से तीन लोग एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH05DP3586) में बकरी चोरी करके जमशेदपुर की ओर भाग रहे हैं। इस सूचना पर तुरंत चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने आसपास के लोगों की मदद से भाग रहे वाहन को घेरा और कार चला रहे एक आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस की जांच में इस गिरोह के काम करने का अनोखा तरीका (मोडस ऑपरेंडी) सामने आया है। ये लोग एक सुनियोजित गिरोह बनाकर सुबह-सुबह कार से निकलते थे। जहां भी सड़क किनारे या बस्तियों में बकरियां नजर आतीं, ये उन्हें ब्रेड का टुकड़ा देकर ललचाते थे। जैसे ही बकरी ब्रेड खाने कार के पास आती, ये उसे गाड़ी में खींच लेते और मौके से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मो निसाद अंसारी उर्फ दानिस के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के नालंदा का रहने वाला है और वर्तमान में सरायकेला-खरसावां के कपाली क्षेत्र में रह रहा था। दानिस का मुख्य काम कार चलाना था। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मास्टरमाइंड कपाली निवासी रूबी खान है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
READ MORE :Kolhan University Admission 2026 :कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन हेतु चांसलर पोर्टल 16 जून से खुलेगा
पुलिस द्वारा बरामद किए गए सामान:
इस सफल छापामारी में पुलिस ने निम्नलिखित चीजें जब्त की हैं:
01 डिजायर कार (JH05DP3586)
कुल 6 चोरी की गई बकरियां
बकरियों को लुभाने के लिए 3 पैकेट ब्रेड
01 आईफोन (I phone) मोबाइल
कार (JH05DP3586) की दो अतिरिक्त नंबर प्लेट
इस विशेष छापामारी अभियान में चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार, एएसआई पीतांबर मंडल, एएसआई सुनील कुमार तिवारी और सशस्त्र बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।



