
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा रात करीब 1:30 बजे कुज्जू ओपी अंतर्गत पैंकी गांव के समीप NH-33 पर हजारीबाग-रांची मार्ग में हुआ।



जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने किसी अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
घटना के बाद पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। इसके लिए बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना और मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। सभी मृतकों के शव सदर अस्पताल रामगढ़ के शवागार में रखे गए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



