
रांची/जमशेदपुर, 6 अक्टूबर 2026: त्योहारी सीजन से पहले झारखंड के ऑटोमोबाइल बाजार में तेजी देखने को मिली है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) की सितंबर 2026 की वाहन खुदरा बिक्री रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में कुल 49,584 वाहनों की बिक्री हुई। सितंबर 2025 में 45,954 वाहनों की बिक्री के मुकाबले इस बार कुल रिटेल बिक्री में 7.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
टू-व्हीलर और पैसेंजर वाहनों की बिक्री ने बाजार को मजबूती दी है, जबकि कमर्शियल वाहन और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: अग्रवाल युवा मंच ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को पौधे और गमले किए दान
टू-व्हीलर की सबसे ज्यादा बिक्री
FADA झारखंड के स्टेट चेयरपर्सन कृष्ण भालोटिया के अनुसार, टू-व्हीलर राज्य के ऑटो बाजार का सबसे बड़ा सेगमेंट बना हुआ है। सितंबर 2026 में कुल 36,712 टू-व्हीलर की बिक्री हुई, जो सितंबर 2025 के मुकाबले 4.95 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, पैसेंजर व्हीकल (PV) सेगमेंट में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। सितंबर में 5,901 पैसेंजर वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.89 प्रतिशत ज्यादा है।
कमर्शियल वाहन और थ्री-व्हीलर की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी
FADA के आंकड़ों के मुताबिक, कमर्शियल वाहन सेगमेंट में सितंबर 2026 के दौरान 1,763 वाहनों की बिक्री हुई। पिछले वर्ष सितंबर में 1,178 कमर्शियल वाहन बिके थे। इस तरह इस सेगमेंट में 49.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बाजार ने बेहतर प्रदर्शन किया। सितंबर में 3,872 थ्री-व्हीलर बिके, जो पिछले साल की तुलना में 28.94 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट के व्हील्ड सेगमेंट में 121 यूनिट की बिक्री हुई, जिसमें 45.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
ट्रैक्टर बिक्री में मामूली गिरावट
कृषि क्षेत्र से जुड़े ट्रैक्टर सेगमेंट में हालांकि सितंबर के दौरान हल्की गिरावट रही। राज्य में 1,215 ट्रैक्टर बिके, जबकि सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 1,290 यूनिट था। इस तरह ट्रैक्टर बिक्री में 5.81 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गापूजा से पहले प्रशासन का मेगा प्लान तैयार, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी; विसर्जन रूट और ट्रैफिक पर खास फोकस
पेट्रोल की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा, EV की बिक्री में 60% उछाल
झारखंड में वाहन ईंधन के मामले में पेट्रोल/इथेनॉल आधारित वाहनों की हिस्सेदारी अभी भी सबसे ज्यादा है। सितंबर 2026 में कुल वाहन बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 76.9 प्रतिशत रही। इस श्रेणी में कुल 38,108 यूनिट दर्ज की गईं और सालाना आधार पर इसमें 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
हालांकि, सबसे तेज बढ़ोतरी इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के बाजार में देखने को मिली। सितंबर में कुल 4,974 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ। कुल वाहन बिक्री में EV की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत रही, जबकि सालाना आधार पर EV बिक्री में 60.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
डीजल वाहनों की हिस्सेदारी 8.9 प्रतिशत रही और इस श्रेणी में सालाना आधार पर 14.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
त्योहारी सीजन से पहले ऑटो बाजार में तेजी
सितंबर के आंकड़े बताते हैं कि त्योहारी सीजन से पहले झारखंड के ऑटोमोबाइल बाजार में मांग मजबूत हुई है। खासकर टू-व्हीलर, पैसेंजर वाहन, कमर्शियल वाहन और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में वृद्धि के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती हिस्सेदारी राज्य के वाहन बाजार में बदलती उपभोक्ता पसंद की ओर भी संकेत करती है।

