झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हुई साफ-सफाई, कॉलेज को प्लास्टिक फ्री जोन बनाने का लिया संकल्प
जमशेदपुर,: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में शुक्रवार को ‘Run for Cleanliness’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. अमर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें एनसीसी, एनएसएस, बीएड, वोकेशनल, स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर शाम 5 से रात 8:30 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, तीन जगह होगी निगरानी
स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी: प्राचार्य
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अमर सिंह ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस को यादगार बनाने और विद्यार्थियों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने के लिए महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
READ MORE :RANCHI NEWS: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिले यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकार, बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के प्रयासों पर हुई चर्चा
कॉलेज को प्लास्टिक फ्री जोन बनाने पर जोर
कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. पास्कल बेक ने किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की और परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर को प्लास्टिक फ्री जोन के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने, परिसर में कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता ही स्वच्छ एवं विकसित झारखंड के निर्माण का आधार है।



