
जमशेदपुर,


रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट (RCJW) ने बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य जांच को स्कूल स्तर पर सुलभ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए हंसराज पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर में आंखों की रिफ्रेक्शन जांच पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया.
इस कार्यशाला का नेतृत्व जमशेदपुर के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ और रोटेरियन डॉ.सुशील बाजोरिया ने किया. डॉ.बाजोरिया ने उपस्थित शिक्षकों को छात्रों की आंखों की प्रारंभिक जांच करने के व्यावहारिक और सरल तरीके बताए. उन्होंने नेत्र स्वास्थ्य से जुड़े कई मुद्दों पर शिक्षकों के सवालों का सहज और वैज्ञानिक उत्तर भी दिया.
कार्यक्रम में शहर के 15 स्कूलों से आए 40 शिक्षक और करीम सिटी कॉलेज के 3 रोट्रैक्टर्स ने भाग लिया. रोटरी क्लब की ओर से सभी शिक्षकों को रिफ्रेक्शन चार्ट वितरित किए गए ताकि वे स्कूल में ही छात्रों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर सकें.
क्लब की ओर से यह भी घोषणा की गई कि यदि किसी छात्र की दृष्टि में समस्या पाई जाती है और वह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आता है, तो स्कूल प्राचार्य की अनुशंसा पर उसका उपचार क्लब द्वारा निःशुल्क कराया जाएगा.
कार्यक्रम की शुरुआत आरसीडब्ल्यूजे अध्यक्ष अशोक झा के स्वागत भाषण से हुई.इसके बाद क्लब की पॉजिटिव हेल्थ निदेशक डॉ.सुजाता मित्रा ने क्लब की अन्य स्वास्थ्य पहलों की जानकारी दी, जिनमें एनीमिया जांच, CPR प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर और HPV वैक्सीन के माध्यम से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम जैसे कार्यक्रम शामिल हैं.
इस प्रशिक्षण कार्यशाला का संचालन औ
र समन्वय डॉ. जूही समर्पिता ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटेरियन विनीता झा, रोट्रैक्टर आयुष पाठक और रोट्रैक्टर आशीष की भूमिका उल्लेखनीय रही.
रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट का यह प्रयास स्कूली छात्रों के नेत्र स्वास्थ्य की समय रहते जांच और देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है.


